गोरा रंग पाने के लिए 5 घरेलू नुस्ख़े और उपचार

व्यस्त जीवन शैली के कारण निखरी त्वचा एक सपना बन कर रह गई है। इसके अलावा ऐसे कई और कारक भी हैं जो हमारी त्वचा को और अधिक नुकसान पहुँचा सकते हैं और उसे एक असंतुलित टोन दे सकते हैं जैसे प्रदूषण, सूरज की हानिकारक अल्ट्रावायलेट किरणें, तनाव और असंतुलित आहार आदि। इन सबके अलावा आजकल बाज़ार में कई ऐसे कॉस्मेटिक उत्पाद मौजूद हैं जिनमें हानिकारक रसायन और योजक होते हैं जो त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाने के बजाय अतिरिक्त नुकसान पहुंचाते हैं।

ऐसी परिस्थितियों में सबसे अच्छा समाधान है प्राकृतिक सामग्री या उत्पादों का उपयोग करना, जो त्वचा के लिए सुरक्षित होते हैं। इनके बहुत फ़ायदे हैं जैसे त्वचा को चमकदार बनाना, संतुलित टोन देना, दाग़-धब्बे कम करना, अल्ट्रावायलेट किरणों से सुरक्षा प्रदान करना, और हानिकारक बैक्टीरिया को नष्ट करना आदि। ये नुस्ख़े आपकी त्वचा पर स्वाभाविक और असरदार काम करेंगे।

हमने आपका काम आसान कर दिया है और आपकी त्वचा को गोरा करने के लिए सबसे अच्छे घरेलू नुस्ख़ों की एक सूची तैयार की है। इन नुस्ख़ों के प्रयोग के बारे में जानने के लिए आगे पढ़िए।

विचार के लिए कुछ महत्वपूर्ण बिंदु

घरेलू नुस्ख़ों का प्रयोग शुरू करने से पहले, यह समझना महत्वपूर्ण है कि अपनी त्वचा का ख़्याल रखना और उसकी सुरक्षा करना बहुत ज़रूरी है। मुख्यतः मृत कोशिकाओं के जमा होने तथा प्रदूषकों व हानिकारक अल्ट्रावायलेट किरणों से नुकसान पहुँचने के कारण त्वचा फीकी और पिगमेंट वाली हो जाती है।

मास्क और स्क्रब का उपयोग कर त्वचा को साफ़ करने और गंदी परत निकालने से मृत कोशिकाओं के साथ-साथ सभी गंदगी व जमा हुआ मैल आदि साफ़ हो जाते हैं। साफ़ हो जाने पर, त्वचा को हाइड्रेटेड और पोषित रखने के लिए नमी प्रदान करना ज़रूरी है। बाहर निकल कर सूरज से कुछ विटामिन डी प्राप्त करने से पहले एक अच्छे सनस्क्रीन लोशन का उपयोग करना बेहद ज़रूरी है ताकि सूरज की अल्ट्रावायलट किरणें त्वचा की कोशिकाओं को कोई नुकसान न पहुँचाएं।

 

त्वचा का रंग कैसे निखारें?

आइए देखते हैं कि घर पर बने साधारण मिश्रणों से आपकी त्वचा में कैसा निखार आता है।

1. पपीता और शहद का मास्क

ताज़ा पपीता केवल खाने में ही स्वादिष्ट नहीं होता है बल्कि त्वचा के लिए भी बहुत फ़ायदेमंद होता है। इसमें अल्फ़ा हाइड्रॉक्सी एसिड व पापाइन जैसे एंजाइम होते हैं जिनमें मृत कोशिकाओं को हटाने और अशुद्धियों को दूर करने की क्षमता होती है, जिसके परिणामस्वरूप त्वचा चमकदार हो जाती है। इस मास्क में शहद का इस्तेमाल भी करते हैं जिसके जीवाणुरोधी गुण त्वचा की रक्षा करते हैं।

इसके लिए आपको चाहिए:

आधा कप कटा हुआ ताज़ा पपीता

एक चम्मच शहद

आपको क्या करना है:

  1. पपीते के टुकड़ों को मसल कर एकसार पेस्ट बना लें।
  2. इस पेस्ट में शहद को अच्छी तरह से मिला लें।
  3. पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और लगभग 20 मिनट तक उसे लगा रहने दें।
  4. मिनट बाद चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें।
  5. इसके बाद चेहरे को फिर ठंडे पानी से धोएं और थपथपा कर सुखा लें।

इसे कितनी बार करना ज़रूरी है:

हर रात सोने से पहले।

किस तरह की त्वचा के लिए यह उपयुक्त है:

तेलीय व सामान्य त्वचा के लिए।

चेतावनी:

कुछ लोगों को पापाइन से एलर्जी हो सकती है। यदि आपको पपीता और उसके उत्पादों से एलर्जी हो तो इस मास्क का प्रयोग न करें।

2. संतरे के सूखे छिलके और दही

संतरा एक आम फल है जो अधिकतर घरों में आसानी से मिल जाता है, और यह त्वचा को गोरा करने के लिए बहुत ही अच्छा है। इसमें विटामिन सी भी प्रचुर मात्रा में होता है जो पिगमेंट दूर करने में मदद करता है।

इसके लिए आपको चाहिए:

संतरे के छिलके

एक बड़ा चम्मच सादा दही

आपको क्या करना है:

  1. संतरे के छिलकों को दो से तीन दिनों तक धूप में सुखा लें।
  2. जब वे लगभग कुरकुरे हो जाएं, तब उन्हें पीसकर पाउडर बना लें।
  3. इस पाउडर का एक चम्मच दही के साथ मिलाकर चिकना पेस्ट बना लें।
  4. चेहरे को साफ़ करके इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और लगभग 15-20 मिनट तक लगा कर रखें
  5. चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें।

इसे कितनी बार करना ज़रूरी है:

सोने से पहले, एक दिन छोड़कर इसका प्रयोग कर सकते हैं।

किस तरह की त्वचा के लिए यह उपयुक्त है:

सभी प्रकार की त्वचा के लिए उपयुक्त है।

3. टमाटर, दही, और ओट्स के दलिए का मास्क

टमाटर में मौजूद लाइकोपीन में, जिसकी वजह से उन्हें विशिष्ट लाल रंग मिलता है, फ़ोटोप्रोटक्टेक्टिव गुण होता है जो बढ़ती उम्र से जुड़े विकारों से त्वचा की रक्षा करता है। एंटीऑक्सिडेंट की बहुतायत के कारण, टमाटर एक ऐसा खाद्य है जो त्वचा को चमक प्रदान करता है। एक जर्मन अध्ययन के अनुसार, टमाटर में मौजूद लाइकोपीन त्वचा के कैंसर से भी रक्षा करता है।

त्वचा से मृत कोशिकाओं को निकालने के लिए ओट्स का दलिया बहुत अच्छा होता है और त्वचा के स्वास्थ्य में भी सुधार लाता है

इसके लिए आपको चाहिए:

  • 1 टमाटर
  • 1 चम्मच ताज़ा और सादा दही
  • 1 चम्मच ओट्स का दलिया

आपको क्या करना है:

  1. टमाटर को बीच में से काट कर उसमें से एक या दो चम्मच रस निकाल लें
  2. एक कटोरी में ओट्स का दलिया लें, इसमें टमाटर के रस और दही को अच्छी तरह मिलाएं।
  3. त्वचा को साफ़ करने के लिए इस मास्क को चेहरे पर लगाकर लगभग 20 मिनट के लिए छोड़ दें।
  4. मिनट बाद गुनगुने पानी से चेहरे को धो लें।

इसे कितनी बार करना ज़रूरी है:

हर सप्ताह लगभग दो या तीन बार इसका प्रयोग करें।

किस तरह की त्वचा के लिए यह उपयुक्त है:

तेलीय, सामान्य, व मिलीजुली त्वचा के लिए।

4. दूध, नींबू के रस, और शहद का मास्क

नींबू के रस में विटामिन सी होता है, जिससे गोरापन आता है, क्योंकि यह त्वचा में रंग के लिए ज़िम्मेदार मेलानिन के उत्पादन को कम करने में सक्षम है।

इसके लिए आपको क्या चाहिए:

  • 1 चम्मच दूध
  • 1 चम्मच नींबू का रस
  • 1 चम्मच शहद

आपको क्या करना है:

  1. सभी सामग्रियों को एक कटोरी में अच्छी तरह मिला लें।
  2. अपने चेहरे को साफ़ करके इस पेस्ट को उस पर लगाएं और लगभग 20 मिनट के लिए छोड़ दें।
  3. 20 मिनट बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।

इसे कितनी बार करना ज़रूरी है:

एक दिन छोड़कर सोने से पहले इसे लगाएं।

किस तरह की त्वचा के लिए यह उपयुक्त है:

यह सभी तरह की त्वचा के लिए उपयुक्त है।

चेतावनी:

यदि नींबू के रस की अम्लता की वजह से आपको जलन महसूस हो, तो मास्क को तुरंत निकाल दें और उस जगह पर बर्फ़ रगड़ें।

5. बेसन और गुलाब जल (या दही)

बेसन में रोगाणुरोधी गुण होते हैं जो इंफ़ेक्शन से त्वचा की रक्षा करते हैं। गुलाब जल त्वचा को पुनर्जीवित करता है और नमी प्रदान करता है जिससे त्वचा में ताज़ापन दिखाई देता है।

दही त्वचा में चमक लाता है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक बैक्टीरिया त्वचा को स्वस्थ व चमकदार बनाते हैं।

इसके लिए आपको क्या चाहिए:

2 चम्मच बेसन

2-3 चम्मच गुलाब जल या दही

आपको क्या करना है:

  1. सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट बना लें। सामान्य और तेलीय त्वचा के लिए गुलाब जल तथा सूखी त्वचा के लिए दही का प्रयोग करें।
  2. पूरे चेहरे पर मास्क लगाकर लगभग 20-30 मिनट तक रहने दें।
  3. गुनगुने पानी से चेहरे को धो लें।

इसे कितनी बार करना ज़रूरी है:

सप्ताह में तीन बार, सोने से पहले इस मास्क को लगाएं।

किस तरह की त्वचा के लिए यह उपयुक्त है:

सभी तरह की त्वचा के लिए।

चेतावनी:

अगर आपकी त्वचा सूखी है तो आप गुलाब जल के बजाय दही का प्रयोग करें, नहीं तो यह मास्क आपकी त्वचा को सूखा बना देगा।

Questions and answers:

प्रश्न और उत्तर: त्वचा की चमक

Dr. Nagender Kumar :Urologist, Sex counselor