अधिक उम्र में यौन संबंध: अधिक उम्र के व्यक्तियों के लिए सलाह

Last modified date

Comments: 0

About Dr. Nagender Kumar

Urologist, Sex counselor

उम्र बढ़ने के साथ, यौन संबंध वैसे ही नहीं रहते जैसे 20 साल की उम्र में थे – पर फिर भी वे संतोषदायी हो सकते हैं। आम मिथकों से विपरीत, यौन संबंध सिर्फ़ युवाओं के लिए नहीं होते। काफी वरिष्ठ लोग अपनी यौन सक्रियता का आनंद अपनी उम्र के आठवें दशक और उसके बाद भी उठाते रहते हैं।

स्वस्थ यौन जीवन न सिर्फ संतोषप्रद होता है, बल्कि आपके जीवन के अन्य पहलुओं के लिए भी बहुत अच्छा होता है, जैसे शारीरिक स्वास्थ्य और आत्म-सम्मान के लिए।

अधिक उम्र में यौन संबंध: पुरुषों की उम्र बढ़ने पर क्या बदलाव आते हैं?

पुरुषों की उम्र बढ़ने पर, टेस्टोस्टेरोन के स्तर में गिरावट और यौन सक्रियता में बदलाव आम बात है। इन शारीरिक बदलावों में निम्नलिखित समस्याएँ हो सकती हैं:

  • • स्तंभन शक्ति और कामोन्माद पाने और बरकरार रखने के लिए अधिक उत्तेजना की आवश्यकता
  • • कमज़ोर कामोन्माद
  • • कम स्खलन और स्खलन में कम वीर्य
  • • स्खलन के बाद लिंग को पुनः खड़ा करने के लिए अधिक समय की आवश्यकता

आपको इन बदलावों के बारे में कुछ चिंता हो सकती है, लेकिन याद रखिए कि इन समस्याओं के कारण सेक्स के आनंद को समाप्त नहीं करना है। अपने शरीर के बदलावों को अपना लेने से आपको स्वस्थ और संतुष्ट यौन जीवन बनाए रखने में मदद मिलेगी। उदाहरण के लिए, आप अपनी यौन दिनचर्या को इस तरह व्यवस्थित कर सकते हैं कि जिसमें उत्तेजित होने के लिए आप अधिक प्रयास कर पाएँ।

अधिक उम्र में यौन संबंध और स्वास्थ्य समस्याएँ

Happy mature couple lying together on a bed

आपके स्वास्थ्य का आपके यौन जीवन और यौन प्रक्रिया पर बड़ा असर हो सकता है। खराब स्वास्थ्य या पुरानी बीमारियाँ, जैसे दिल की बीमारी या गठिया आदि के साथ यौन संबंध और अंतरंगता अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं।

कुछ शल्य चिकित्साएँ और कई दवाइयाँ, जैसे ब्लड प्रेशर की दवाइयाँ, एंटीहिस्टामाइन्स, एंटीड्रिप्रेसेंट्स (अवसादरोधी) और अम्ल-रोधी दवाइयाँ, यौन प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं।

लेकिन हार मत मानिए। आप अपने साथी के साथ अपनी सीमाओं के हिसाब से भिन्न तरीके आजमा सकते हैं।

उदाहरण के लिए, यदि आप दिल के दौरे के बाद यौन संबंध बनाने के बारे में चिंतित हैं, तो अपनी चिंताओं के बारे में अपने डॉक्टर से बात कीजिए। अगर गठिया का दर्द एक समस्या है, तो यौन गतिविधि से पहले या बाद में जोड़ों के दर्द को कम करने के लिए जोड़ों की सिकाई कीजिए और विभिन्न यौन मुद्राएँ आजमाइए।

सकारात्मक रहिए और यौन व अंतरंग संबंधों के उन तरीकों पर ध्यान दीजिए जो आपके और आपके साथी के लिए कारगर हों।

अधिक उम्र में यौन संबंध और भावनात्मक मुद्दे

किसी भी उम्र में, भावनात्मक मुद्दे आपकी कामुकता को प्रभावित कर सकते हैं। अधिक उम्र वाले कई जोड़े अपने यौन जीवन से अधिक संतुष्ट होने के बारे में बताते हैं क्योंकि उनके पास ध्यान बँटाने वाली चीज़ें नहीं होतीं, एकांत में काफी समय होता है, और गर्भ-धारण की कोई चिंता नहीं रहती।

दूसरी तरफ, कुछ अधिक उम्र के जोड़े स्वास्थ्य समस्याओं, वित्तीय चिंताओं और अन्य जीवनशैली के बदलावों से परेशान होते हैं। अवसाद सेक्स में आपकी इच्छा और रुचि को कम कर सकता है। अगर आपको लगता है कि आप अवसाद से घिरे हैं, तो अपने डॉक्टर या सलाहकार से बात कीजिए।

अधिक उम्र में यौन संबंधों के लिए सलाह

आपके या आपके साथी के लिए यौन संबंध युवावस्था के यौन संबंधों की तरह नहीं हो सकते। लेकिन सेक्स और अंतरंगता आपके जीवन का एक संतोषजनक हिस्सा बने रह सकते हैं। एक स्वस्थ और आनंददायक यौन जीवन को बनाए रखने के लिए हम यहाँ कुछ सुझाव दे रहे हैं:

  • अपने साथी के साथ बात कीजिए। भले ही यौन संबंधों के बारे में बात करना मुश्किल हो, अपनी ज़रूरतों, इच्छाओं और चिंताओं को खुले तौर पर साथी के साथ साझा करने से आप दोनों सेक्स और अंतरंगता का आनंद ले सकते हैं।
  • अपने डॉक्टर से मिलिए। आपका डॉक्टर यौन जीवन को प्रभावित करने वाली आपकी पुरानी परेशानियों और दवाओं के प्रबंधन में आपकी सहायता कर सकता है। अगर आपकी स्तंभन शक्ति कमज़ोर है, तो अपने डॉक्टर से उपचार के बारे में पूछिए।
  • सेक्स समस्याओं के चिकित्सक से मिलिए। एक चिकित्सक विशिष्ट चिंताओं के मामले में आपकी और आपके साथी की मदद कर सकता है। अपने डॉक्टर से सेक्स समस्याओं के चिकित्सक के बारे में पूछ लीजिए।
  • सेक्स की अपनी परिभाषा का विस्तार कीजिए। एक पूर्ण यौन जीवन पाने के लिए संभोग सिर्फ़ एक तरीका है। स्पर्श, चुंबन और अन्य अंतरंग संपर्क भी आपके और आपके साथी के लिए संतोषदायी हो सकते हैं। उम्र बढ़ने के साथ, आपके और आपके साथी की यौन क्षमताओं और ज़रूरतों में फ़र्क होना एक सामान्य बात है। यौन संपर्क और अंतरंगता का आनंद लेने के नए तरीकों को खुल कर आजमाइए।
  • अपनी दिनचर्या में बदलाव लाइए। साधारण बदलाव आपके यौन जीवन में सुधार ला सकते हैं। समय बदलकर आप यौन संबंध उस समय बनाइए, जब आपके पास सबसे अधिक ऊर्जा होती है। एक लंबे दिन के अंत में रात को यौन संबंध बनाने के बजाय सुबह के समय कोशिश कीजिए – जब आप रात भर की अच्छी नींद से ताज़ा होते हैं। आपको या आपके साथी को उत्तेजित होने में अधिक समय लग सकता है, इसलिए रोमांस की तैयारी में अधिक समय लगाइए। नई यौन मुद्राएँ आज़माइए या रोमांटिक तरीके से जुड़ने और यौन संबंध बनाने के अन्य तरीकों का पता लगाइए।
  • रोमांस छोड़िए नहीं। यदि आप अपने साथी को खो चुके हैं, तो एक और रिश्ता शुरू करने की कल्पना मुश्किल हो सकती है – एकल वयस्कों के लिए विभिन्न लोगों से मिलना-जुलना एक अच्छा प्रयास हो सकता है। भावनात्मक निकटता और अंतरंगता की आवश्यकता सभी को होती है। अगर आप किसी नए साथी के साथ घनिष्ठ संबंध शुरू करते हैं, तो कंडोम का उपयोग ज़रूर कीजिए। कई अधिक उम्र के वयस्क इस बात से अनजान होते हैं कि उन्हें अब भी खाज (हर्पीस) और प्रमेह (गोनोरिया) जैसे यौन संक्रमण का खतरा हो सकता है।

स्वस्थ यौन जीवन को बनाए रखने के लिए एक अंतिम सलाह: अपना यथासंभव ख्याल रखिए और स्वस्थ रहिए:

  • स्वस्थ भोजन लीजिए।
  • नियमित रूप से व्यायाम कीजिए।
  • अधिक शराब मत पीजिए।
  • धूम्रपान मत कीजिए।

अपने डॉक्टर से नियमित रूप से मिलते रहिए, खासकर यदि आपकी बीमारियाँ पुरानी हैं या आप डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाइयाँ लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Post comment